
किसी वारदात को अंजाम देने की था फिराक में,चढ़ा पुलिस के हत्थे




तहलका न्यूज,बीकानेर। शहर में हथियारों के साथ युवकों की धरपकड़ फिर तेज हो गई है। नयाशहर पुलिस ने एक युवक को पिस्टल, मैगजीन और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। ये कार्रवाई नयाशहर पुलिस के साथ पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम की स्पेशल डीएसटी टीम के माध्यम से की गई है। सूचना के आधार पर रामपुरा बस्ती से विशाल बारासा को पकड़ा गया। पकड़े गये युवक से एक पिस्टल, एक मैग्जीन और दो कारतूस जब्त किए गए। अवैध पिस्टल कहां से खरीदी गई इसका पता लगाया जा रहा है। युवक को पकडऩे में लखविन्द्र सिंह की भूमिका अहम रही।पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक के पास हथियार है। कभी भी किसी पर हमला किया जा सकता है। अवैध रूप से ये हथियार रामपुरा बस्ती के विशाल बारासा के पास होना बताया गया था। डीएसटी टीम के लखविंदर सिंह ने पता लगाया कि विशाल के पास हथियार है। इस पर उसे गिरफ्तार किया गया।दरअसल, बीकानेर पुलिस अवैध हथियार रखने वालों को तो दबोच रही है लेकिन इसके बाद भी बड़ी संख्या में लोग हथियार लेकर घूम रहे हैं। कमोबेश हर रोज ही कोई न कोई अवैध हथियार के साथ पकड़ा जा रहा है। इन्हीं हथियारों से लोगों को धमकाने और हमले भी हो रहे हैं। पुलिस कार्रवाई के बाद भी अपराधियों में कोई भय नहीं है। नयाशहर थाना एरिया में ही फायरिंग की कई घटनाएं हो रही है। खासकर मुक्ता प्रसाद नगर, रामपुरा, लालगढ़ एरिया में अवैध हथियारों के साथ घटनाएं हो रही है।
